उत्तराखंड

महिला पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने की तैयारी, 2000 पदों को हरी झंडी

Admindelhi1
16 Oct 2026 6:00 PM IST
महिला पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने की तैयारी, 2000 पदों को हरी झंडी
x
महिला अभ्यर्थियों के लिए पुलिस में अवसर, 2000 पदों को मिली मंजूरी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2000 किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत अन्य संवर्गों और शाखाओं के स्वीकृत पदों से 1474 पद समायोजित किए जाने का प्रस्ताव है।

कार्मिक विभाग ने इस प्रस्ताव पर बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार और कुल स्वीकृत पदों की संख्या में वृद्धि किए बिना सहमति दी है। इसके लिए वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन तथा भविष्य में उनकी पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव उपलब्ध कराने की शर्त रखी गई है।

मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है। इस पहल का उद्देश्य वर्तमान में कार्यरत अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन के साथ उनके लिए पदोन्नति के अवसरों की व्यवस्था करना भी है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य महिला पुलिस कर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना है।

Next Story