हरिद्वार को भव्य बनाने की तैयारी तेज, युवा कलाकारों ने संभाली रंगों की कमान

हरिद्वार: कुंभ मेले से पहले धर्मनगरी हरिद्वार को भव्य, आकर्षक और सांस्कृतिक स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर की दीवारों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक विरासत के रंगों से सजाया जा रहा है। हाईवे की दीवारों से लेकर चंडी देवी की पहाड़ियों तक देशभर से पहुंचे युवा कलाकार अपनी कला से हरिद्वार का नया रूप तैयार कर रहे हैं।
राज्य सरकार की ओर से कुंभ मेले के मद्देनजर शहर के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में और कुंभ मेला अधिकारी सोनिका तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। उद्देश्य यह है कि कुंभ मेले में आने वाले देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं और पर्यटकों का स्वागत एक सुंदर और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध शहर में हो।
इस अभियान में मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स और बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स के छात्र-छात्राओं को भी शामिल किया गया है। देश के अलग-अलग राज्यों से आए युवा कलाकार दीवारों पर अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से साकार कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस पहल में बड़ी संख्या में छात्राएं भी भाग ले रही हैं, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आर्थिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर भी मिल रहा है।
कलाकारों द्वारा दीवारों पर ग्रीन कुंभ, साधु-संत, समुद्र मंथन, हरकी पैड़ी, महाकुंभ, रामायण, भीम लीला, शिव लीला और सती प्रसंग जैसे विषयों पर आधारित चित्र बनाए जा रहे हैं। इन चित्रों में धार्मिक और पौराणिक प्रसंगों को आकर्षक रंगों और कलात्मक शैली में उकेरा जा रहा है।
इन भित्ति चित्रों के माध्यम से केवल धर्म और संस्कृति ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा रहा है। शहर की दीवारें अब हरिद्वार की सांस्कृतिक पहचान का नया माध्यम बनती दिखाई दे रही हैं।
इस पहल से हरिद्वार की सुंदरता बढ़ेगी और यहां आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को भारतीय कला, परंपरा और आध्यात्मिक विरासत की झलक एक साथ देखने को मिलेगी। साथ ही युवा कलाकारों को भी अपनी पहचान बनाने का मंच मिलेगा।
कुंभ मेले से पहले हरिद्वार को सांस्कृतिक रंगों से सजाने का यह अभियान शहर के सौंदर्यीकरण के साथ भारतीय विरासत और पर्यावरण जागरूकता का भी सशक्त संदेश दे रहा है।





