उत्तराखंड

हरिद्वार कुंभ की तैयारियां तेज, विहिप नेताओं ने संतों संग किया मंथन

Admindelhi1
20 Nov 2026 10:48 AM IST
हरिद्वार कुंभ की तैयारियां तेज, विहिप नेताओं ने संतों संग किया मंथन
x
प्रयागराज की तर्ज पर भव्य होगा हरिद्वार कुंभ, श्रीमहंत रविंद्रपुरी का बड़ा बयान

हरिद्वार: आगामी हरिद्वार कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने निरंजनी अखाड़ा पहुंचकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज से मुलाकात की। इस दौरान कुंभ मेले की व्यवस्थाओं, संतों की भागीदारी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बुधवार को आयोजित इस मुलाकात में विहिप के राष्ट्रीय संरक्षक एवं श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी दिनेश जी, संयुक्त केंद्रीय मंत्री हरिशंकर और राज्यमंत्री नितिन गौतम शामिल हुए। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने सभी अतिथियों का मां मनसा देवी का चित्र भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।

इस अवसर पर श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान विभिन्न अखाड़ों के संत-महापुरुष श्रद्धालुओं को धार्मिक मार्गदर्शन देने के साथ सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति जागरूक करेंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रयागराज की तर्ज पर सभी अखाड़ों और धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से हरिद्वार कुंभ का आयोजन दिव्य और भव्य स्वरूप में संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि केंद्र और उत्तराखंड सरकार श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यवस्थाएं कर रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कुंभ से जुड़े कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

श्रीमहंत ने कहा कि संतों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अखाड़ा परिषद लगातार कुंभ मेला प्रशासन के संपर्क में है।

विहिप के राष्ट्रीय संरक्षक दिनेश जी ने कहा कि कुंभ मेला सनातन संस्कृति की विशिष्ट पहचान है। उन्होंने बताया कि कुंभ के दौरान विश्व हिंदू परिषद की ओर से विभिन्न सेवा प्रकल्प संचालित किए जाएंगे।

संयुक्त केंद्रीय मंत्री हरिशंकर और राज्यमंत्री नितिन गौतम ने भी कुंभ जैसे आयोजनों को सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

इस अवसर पर निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महंत राज गिरी सहित कई संत-महंत उपस्थित रहे।

Next Story