उत्तराखंड

नैनीताल व उधमसिंह नगर की पुलिस भगौड़ा कैदी कमल सिंह को लेकर हुई सक्रिय

Admin Delhi 1
20 Sep 2022 10:52 AM GMT
नैनीताल व उधमसिंह नगर की पुलिस भगौड़ा कैदी कमल सिंह को लेकर हुई सक्रिय
x

नैनीताल-अल्मोड़ा न्यूज़: पुलिस की नाकामी एक बार फिर से साबित हो गई है। पांच दिन पहले अल्मोड़ा के जेल से भागे एक कैदी ने पुलिस को चकमा देकर जिला पार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी कमल सिंह मुख्यालय से पैसा निकालने के बाद टैक्सी में बैठ हल्द्वानी भाग गया है। अब उसे पकड़ने के लिए अल्मोड़ा के साथ नैनीताल व उधमसिंह नगर की पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए पांच दिन पहले आरोपी कमल सिंह अल्मोड़ा जेल से फरार हो गया था। रंजिशन दुकान में आग लगाने, मोटरसाइकिल चोरी करने और बहनोई को मारने की धमकी का आरोपी कमल सिंह के हल्द्वानी पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस टैक्सी वालों से भी पूछताछ कर रही है। आरोपी कमल सिंह बीते 15 सितंबर को कोर्ट पेशी के दौरान परिसर से हथकड़ी छुड़ाकर भाग गया था। जिसके बाद पुलिस ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन कोई पता नहीं चला।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ने 17 सितंबर को आरोपी ने मुख्यालय के सीएचसी सेंटर से आधार कार्ड के जरिए 1500 रुपए निकाले। वह पैसे निकालते हुए सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है। सीएचसी सेंटर वाले को शक होने पर उसने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद आस-पास के सीसीटीवी खंगाले गए। जिसमें आरोपी कमल सिंह साफ दिखाई दे रहा था। उसने कपड़े भी बदल लिए थे। पैसे निकालने के बाद आरोपी टैक्सी में बैठकर हल्द्वानी की ओर निकल गया। पुलिस के अनुसार उसके हल्द्वानी पहुंचने की संभावना है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने के बाद अब गांवों में उसकी खोजबीन फिलहाल रोक दी गई है। भगौड़े की फोटो आस-पास के जिलों में जारी कर दी गई है। अल्मोड़ा के साथ नैनीताल और उधमसिंह नगर की पुलिस भी उसकी खोजीबीन में जुट गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अल्मोड़ा प्रदीप कुमार राय ने बताया कि पुलिस की टीम लगातार सक्रिय है। अन्य जिलों की पुलिस से भी सहयोग लिया जा रहा है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।

Next Story