उत्तराखंड

प्रेमनगर में पुलिस मुठभेड़, गोकशी के आरोपी इरशाद को दबोचा

nidhi
15 Nov 2026 9:14 AM IST
प्रेमनगर में पुलिस मुठभेड़, गोकशी के आरोपी इरशाद को दबोचा
x
गोकशी का आरोपी गोली लगने से घायल
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को पकड़ लिया है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। गोकशी के मामले में आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान यह मुठभेड़ हुई। घटना के बाद पुलिस फरार आरोपी के संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।
प्रेमनगर के टी-स्टेट इलाके में हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर की रात प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। दोनों ने रुकने के बजाय पुलिसकर्मियों को हथियार दिखाया और बाइक लेकर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल उनका पीछा शुरू कर दिया। दरू चौक से मीठीबेरी की तरफ भागते समय आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलीबारी कर दी।
जवाबी फायरिंग में इरशाद के पैर में लगी गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के खजुनावर गांव निवासी 32 वर्षीय इरशाद के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान सहारनपुर के गंदेबड़ा गांव निवासी शमीम के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल इरशाद को उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल पहुंचाया है।
गोकशी की दो घटनाओं में थी तलाश
पुलिस के अनुसार, इरशाद पर इसी महीने प्रेमनगर थाना क्षेत्र के टी-स्टेट और बिधौली रोड पर हुई गोकशी की घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। पुलिस इन मामलों में उसकी तलाश कर रही थी। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, पल्सर मोटरसाइकिल, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक रस्सी बरामद की है।
फरार आरोपी की तलाश में कांबिंग
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी सिटी शेखर सुयाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस फरार आरोपी शमीम की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में कांबिंग कर रही है। उसके संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है। वहीं, घायल आरोपी से अन्य घटनाओं में उसकी कथित संलिप्तता के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
Next Story