उत्तराखंड

हरिद्वार में पुलिस मुठभेड़, अवैध हथियार तस्करी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

Admindelhi1
16 Nov 2026 3:36 PM IST
हरिद्वार में पुलिस मुठभेड़, अवैध हथियार तस्करी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
x
पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा आरोपी मुठभेड़ में घायल

हरिद्वार: अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल गिरोह के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बहादराबाद क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस पर गोली चलाकर भागने की कोशिश कर रहे मुकुल पाल के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 15 नवंबर को बहादराबाद पुलिस को सूचना मिली कि दिल्ली की तरफ से कुछ लोग बौंगला तिराहे पर हथियारों का सौदा करने पहुंचने वाले हैं।

सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। कुछ समय बाद एक व्यक्ति पैदल और दो अन्य मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया, लेकिन मुकुल पाल भागकर पास के गन्ने के खेत में जा छिपा।

पुलिस टीम जब उसके पीछे पहुंची तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। चेतावनी के बाद भी गोली चलाने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुकुल के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से हथियार बरामद किए। मुकुल के पास से दो .32 बोर पिस्टल मिलीं, जबकि भूपेंद्र के कब्जे से .315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाई गई दो पिस्टल और चार कारतूस भी मिले।

कार्रवाई के अगले चरण में पुलिस ने 16 नवंबर की रात बडैड़ी फ्लाईओवर के नीचे से प्रशांत कुमार को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस ने इस पूरे अभियान में पांच .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा, सात जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुल पाल (25), भूपेंद्र (20), विशाल कुमार (26) और प्रशांत कुमार (23) के रूप में हुई है। ये आरोपी मेरठ, मुजफ्फरनगर और हरिद्वार के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।

पुलिस ने मुकुल पाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अन्य तीन आरोपियों के खिलाफ भी आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें चालान कर दिया गया है।

Next Story