उत्तराखंड

पुलिस ने डेढ़ किलो अफीम के साथ दो महिलाओं को किया गिरफ्तार

Admin Delhi 1
30 Nov 2022 2:55 PM GMT
पुलिस ने डेढ़ किलो अफीम के साथ दो महिलाओं को किया गिरफ्तार
x

किच्छा न्यूज़: पुलिस ने झारखंड एवं बिहार निवासी दो महिलाओं को लाखों रुपए की अफीम के साथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गई दोनों महिलाएं झारखंड से अफीम की खेप पहुंचाने रुद्रपुर जा रही थी। आरोपी महिलाओं से बरामद करीब डेढ़ किलो अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 15 लाख रुपए बताई जा रही है। फिलहाल थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलभट्टा थाना पुलिस की एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की टीम ने चेकिंग के दौरान रोडवेज बस से अफीम लेकर किच्छा की तरफ आ रही दो महिला तस्करों को दबोच लिया। पुलभट्टा थाना प्रभारी कमलेश भट्ट ने बताया कि देर रात पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी तभी बरेली से किच्छा की तरफ आ रही रोडवेज बस पर सवार दो महिलाएं चेकिंग देखकर पुलिस थाने से कुछ दूर पहले बस से उतर गई। शक होने पर उपनिरीक्षक दीपा अधिकारी ने महिलाओं से पूछताछ की तो महिलाओं ने उनके पास अफीम होने की जानकारी दी।

पुलिस ने दोनों महिलाओं के पर्स में रखी करीब डेढ़ किलो अफीम बरामद कर कब्जे में ले ली। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम ग्राम टोटी हेसला, थाना बालूमात, जिला लातेहार, झारखंड निवासी आरती मिस्त्री पत्नी नरेश मिस्त्री एवं ग्राम डूमरी देसिन बीघा, थाना चाखन, जिला गया, बिहार निवासी आरती रविदास पत्नी रमेश रविदास बताया। पुलिस टीम ने आरोपी आरती मिस्त्री के पर्स से एक किलो 26 ग्राम तथा आरती रविदास के पर्स में रखी 468 ग्राम अफीम बरामद कर कब्जे में ले लिया। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे दोनों लालकुआं में गोला नदी से रेता बजरी निकालने हर साल लालकुआं आती हैं। इसी दौरान उनकी पहचान ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर निवासी डॉ. प्रताप यादव से हुई और दोनों बहने झारखंड से डॉ. प्रताप यादव के लिए विगत करीब 10 वर्षों से अफीम पहुंचाने का काम कर रही हैं। महिलाओं के अनुसार उनके द्वारा झारखंड से डेढ़ लाख रुपए प्रति किलो के हिसाब से अफीम खरीदकर दो लाख रुपए प्रति किलो के हिसाब से प्रताप यादव को बेची जाती है।

महिलाओं के अनुसार विगत 30 अक्टूबर को पुलिस द्वारा डॉ. प्रताप यादव को अफीम तस्करी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जिसके बाद दोनों महिलाएं डॉ. प्रताप यादव के बेटे अंकित यादव को रोडवेज बस के माध्यम से अफीम पहुंचाने जा रही थीं। पुलिस की पूछताछ में आरोपी महिलाओं ने बताया कि बरामद अफीम को उनके द्वारा ग्राम गिद्धौर चातरा, झारखंड निवासी दिनेश जाधव से डेढ़ लाख रुपए प्रति किलो के हिसाब से अफीम खरीदा गया था और रुद्रपुर निवासी अंकित यादव को अफीम पहुंचानी थी। थाना प्रभारी कमलेश भट्ट ने बताया कि पकड़ी गई दोनों महिलाओं द्वारा रुद्रपुर निवासी कुछ नामी-गिरामी लोगों को भी अफीम पहुंचाने की बात कबूली गई है। उन्होंने बताया कि दोनों महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर महिलाओं को न्यायालय में पेश करते हुए रिमांड हेतु प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि महिलाओं से पूछताछ में कई लोगों के साथ नाम सामने आए हैं तथा उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Next Story