उत्तराखंड

Pauri Garhwal: महिलाओं और किशोरियों को मिली बड़ी राहत, सैनिटरी पैड होंगे सुलभ

Admindelhi1
2 Jun 2026 6:43 PM IST
Pauri Garhwal: महिलाओं और किशोरियों को मिली बड़ी राहत, सैनिटरी पैड होंगे सुलभ
x

पौड़ी गढ़वाल: अब महिलाओं को आपात स्थिति में सैनिटरी पैड की उपलब्धता के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा और उन्हें तत्काल आवश्यक सुविधा मिल सकेगी। महिलाओं और किशोरियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन स्थापित करने की पहल शुरू की गई है।

पहले चरण में कलेक्ट्रेट परिसर, विकास भवन और बस स्टेशन पौड़ी में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं। इससे इन सार्वजनिक स्थलों पर आने वाली महिलाओं व छात्राओं को आवश्यकता पड़ने पर आसानी से सैनिटरी पैड उपलब्ध हो सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरुकता बढ़ाना है।

इसके अलावा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कलेक्ट्रेट परिसर व बस अड्डे में नर्सिंग रूम स्थापित किए जाएंगे। इन कक्षों में महिलाओं को अपने शिशुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण में स्तनपान कराने की सुविधा उपलब्ध होगी।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि कलेक्ट्रेट, विकास भवन और बस स्टेशन जैसे स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं एवं किशोरियां आती हैं। कई बार आवश्यकतानुसार सैनिटरी पैड उपलब्ध न होने के कारण उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसको देखते हुए इन प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में तीन स्थानों पर यह सुविधा शुरू की गई है और आने वाले समय में अस्पतालों, विद्यालयों, महाविद्यालयों व अन्य सार्वजनिक संस्थानों में भी सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित करने की योजना है। इसके साथ ही महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

Next Story