Pauri Garhwal: बाड़ा में वन्यजीव नियंत्रण टीम ने गुलदार ढेर किया

पौड़ी गढ़वाल: बाड़ा गांव में वन विभाग की ओर से तैनात शूटरों ने गुलदार को ढेर कर लिया है। गुलदार के हमले के बाद यहां ग्रामीण दहशत के साए में जीने को मजबूर थे। ग्रामीणों द्वारा डीएफओ कार्यालय का घेराव कर यहां प्राइवेट शूटर तैनात करने की मांग की थी। जिस पर विभाग ने यहां विभागीय शूटरों के साथ ही प्राइवेट शूटर तैनात किए थे।
बाड़ा गांव में बीते 15 जनवरी की सुबह गुलदार ने करीब 6 बजे एक नेपाली मूल के श्रमिक को मार डाला था। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के साथ ही मौके पर पहुंचे अन्य अधिकारियों का घेराव किया था। जिस पर यहां गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने के साथ ही ट्रेप कैमरे व विभागीय शूटर तैनात किए गए थे। गुलदार के नहीं पकड़े जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने डीएफओ कार्यालय पहुंचकर प्राइवेट शूटर तैनात करने की मांग को लेकर डीएफओ का घेराव किया था। जिसके बाद वन विभाग ने यहां विभागीय टीम के साथ ही प्राइवेट शूटर तैनात किए थे।
डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि बाड़ा में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए थे लेकिन गुलदार पिंजरे में कैद नहीं हुआ। गुलदार को अंतिम विकल्प के तौर पर ढेर करने के लिए विभागीय व प्राइवेट शूटर तैनात किए गए थे। गुलदार को अंतिम विकल्प के तौर पर ढेर किया गया है।





