उत्तराखंड

Pauri Garhwal: नालियों की सफाई और मरम्मत को लेकर उठी आवाज

Admindelhi1
20 Jun 2026 8:54 AM IST
Pauri Garhwal: नालियों की सफाई और मरम्मत को लेकर उठी आवाज
x
जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की अपील

पौड़ी गढ़वाल: नगर क्षेत्र पौड़ी में बीते दिनों हुई बारिश से नालियों का पानी सड़कों पर बहने पर सामाजिक कार्यकर्ता राकेश गौरशाली ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने लोनिवि पौड़ी के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर जल्द नालियों की सफाई करने की मांग की है।

आज लोनिवि के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देते हुए राकेश गौरशाली ने कहा कि पहली ही बरसात ने लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित विभागों की मानसून पूर्व तैयारियों की पोल खोल कर रख दी है। कहा कि बीते दिनों हुई बारिश से शहर के अनेक क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे शहरवासियों व व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

कहा कि कंडोलिया रोड, लक्ष्मीनारायण मार्ग, श्रीनगर रोड, अपर बाजार, लोअर बाजार सहित कई स्थानों पर नालियां, कलमट एवं स्कबर लंबे समय से बंद पड़े हैं। समय रहते इनकी सफाई एवं मरम्मत नहीं करवाई गई, जिसके चलते बरसाती पानी सड़कों और दुकानों के अंदर तक घुस गया। कहा कि मानसून प्रारम्भ होने से लगभग दो माह पूर्व ही जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य किया जाना चाहिए था, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा इस दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। जिसके चलते यह समस्या पैदा हो रही है। उन्होंने लोनिवि के अधिशासी अभियंता को शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर बंद पड़े कलमटों, स्कबरों की तत्काल सफाई करवाने की मांग की है।

कहा कि जनहित से जुड़े इस गंभीर विषय पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर स्थानीय नागरिकों व व्यापारियों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।

Next Story