उत्तराखंड

Pauri Garhwal: खराब सड़क से परेशान ग्रामीणों का प्रशासन को अल्टीमेटम

Admindelhi1
29 Jun 2026 7:00 PM IST
Pauri Garhwal: खराब सड़क से परेशान ग्रामीणों का प्रशासन को अल्टीमेटम
x
सड़क की बदहाल स्थिति पर लोगों में नाराजगी

पौड़ी गढ़वाल: कल्जीखाल विकासखंड के घंडियालधार-कुनकली-अलासू-बहेड़ाखाल संपर्क मार्ग का एक दशक बाद भी डामरीकरण नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 2016 में करीब 10 किलोमीटर लंबे इस संपर्क मार्ग का निर्माण किया गया था, लेकिन अब तक इसका डामरीकरण नहीं हो सका है। इससे सिमल्या, उजेड़गांव, बराली, बड़कोट, महादेवसैंण, कोटा और अलासू सहित कई गांवों के लोगों को प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में आवागमन करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और मलबा जमा रहने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वहीं वैकल्पिक पैदल मार्ग से आवागमन के दौरान जंगली जानवरों के हमले का भी भय रहता है। उनका कहना है कि बेहतर सड़क सुविधा के अभाव में क्षेत्र से लगातार पलायन बढ़ रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विधायक तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद सड़क के डामरीकरण की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी रोष है। ज्ञापन देने वालों में कर्मवीर सिंह रावत, लक्ष्मण सिंह असवाल, धन सिंह नेगी, अर्जुन सिंह नेगी और नरेश चंद्र थपलियाल सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।

Next Story