उत्तराखंड

Pauri Garhwal: सरकार की प्राथमिकता हर जरूरतमंद तक विकास पहुंचाना : पोरी

Admindelhi1
5 July 2026 11:46 AM IST
Pauri Garhwal: सरकार की प्राथमिकता हर जरूरतमंद तक विकास पहुंचाना : पोरी
x
पोरी ने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

पौड़ी गढ़वाल: सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना को समर्पित सेवा पखवाड़े का उत्साहपूर्ण शुभारंभ शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला, नगरपालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, सीडीओ अशोक जोशी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।

इससे पूर्व अतिथियों और अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनमानस ने सजीव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन को भी सुना।

विधायक ने कहा कि जनसेवा ही जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और सभी को उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जन-जन तक पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं के अनुरूप समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से छूटे हुए पात्र लाभार्थियों, विशेषकर कृषि एवं आजीविका से जुड़े लोगों को चिन्हित कर उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

विधायक ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को तीव्र गति से आगे बढ़ा रही है और उत्तराखंड विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।जिला पंचायत अध्यक्षा ने कहा कि सेवा पखवाड़े जैसे कार्यक्रम शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनपद का कोई भी पात्र लाभार्थी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा। साथ ही उन्होंने सभी विभागों से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को उनसे जोड़ने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।

नगर पालिका अध्यक्षा ने सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना पर आधारित सेवा पखवाड़े की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल शासन और आमजन के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित भी किया गया। बाल विकास विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गयी। पशुपालन विभाग की ओर से दुग्ध उत्पादन एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गाय पालन तथा बॉयलर फार्मिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार, डीएफओ महातिम यादव, सीएमओ डॉ एसएम शुक्ला, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, सीवीओ डॉ विशाल शर्मा आदि शामिल रहे।

Next Story