उत्तराखंड

Pauri Garhwal: रक्षाबंधन पर लोक संस्कृति के रंग में रंगा माहौल, महिला मंगल दलों ने दी शानदार प्रस्तुति

Admindelhi1
27 Aug 2026 6:32 PM IST
Pauri Garhwal: रक्षाबंधन पर लोक संस्कृति के रंग में रंगा माहौल, महिला मंगल दलों ने दी शानदार प्रस्तुति
x
लोकगीत और लोकनृत्य से सजी रक्षाबंधन की शाम, महिला मंगल दलों ने जमाया रंग

पौड़ी गढ़वाल: चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज स्यूंसी में रक्षाबंधन के अवसर पर कांग्रेस नेता कवींद्र इष्टवाल की ओर से रक्षा सूत्र बंधन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। महिलाओं ने इष्टवाल को रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आत्मीयता का संदेश दिया। कांग्रेस नेता राजपाल बिष्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम में महिला मंगल दलों की ओर से लोकगीत और लोकनृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। महिलाओं ने उत्तराखंड की पारंपरिक लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंगल दलों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अन्य प्रतिभागियों एवं महिला मंगल दलों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। महिलाओं को शाल ओढ़ाकर भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कवींद्र इष्टवाल ने कहा कि लोकगीत और लोकनृत्य उत्तराखंड की पहचान हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और लोक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच विश्वास, स्नेह, सम्मान और जिम्मेदारी के रिश्ते को मजबूत करने का पर्व है। चौबट्टाखाल क्षेत्र की बहनों का विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। क्षेत्र की महिलाओं की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करना उनका दायित्व है।

इष्टवाल ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर महिलाओं की आवाज को प्राथमिकता के साथ उठाए जाने की जरूरत है। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करना और उन्हें अपनी समस्याएं रखने के लिए मंच उपलब्ध कराना भी है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाएं सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत की मजबूत वाहक हैं। उनके सम्मान और सशक्तीकरण के बिना क्षेत्र का समग्र विकास संभव नहीं है।

कार्यक्रम के समापन पर महिलाओं सहित उपस्थित लोगों ने जमकर लोकनृत्य किया। इससे पूरा परिसर उत्तराखंड की लोक संस्कृति के रंग में रंग गया।

कार्यक्रम संयोजक जगदीश बिष्ट ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। संचालन देवेंद्र बिष्ट और विजय पाल सिंह ने किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्नल यशपाल नेगी, बचन सिंह नेगी, बलवंत सिंह रावत, अमन बौड़ाई, हयात सिंह, कल्याण सिंह रावत, संदीप गुसाईं, कल्पेश्वरी, महिपाल सिंह, अमरदीप रावत, बिमल कोहली, विकास रावत, कुलदीप नेगी, विनीता देवी, संजय गुसाईं, बिंदेश्वर सुंद्रीयाल, संतोष रावत, यशपाल रावत, सुरेशानंद, सुनील सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Next Story