उत्तराखंड

Pauri Garhwal: देशभक्ति के रंग में रंगा थलीसैंण, तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल

Admindelhi1
13 Aug 2026 6:21 PM IST
Pauri Garhwal: देशभक्ति के रंग में रंगा थलीसैंण, तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल
x
तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, थलीसैंण में दिखा राष्ट्रप्रेम

पौड़ी गढ़वाल: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विधानसभा श्रीनगर के थलीसैंण क्षेत्र में गुरुवार को विभिन्न स्थानों पर भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। थलीसैंण,बगवाड़ी, मासौं, उफरैंखाल और बूंगीधार में आयोजित तिरंगा यात्राओं में स्कूली बच्चों,युवाओं और ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्रा में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गूंजता रहा। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति जनभावना को प्रदर्शित किया।

कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों को राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी व्यक्त करने का अवसर देता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

इस दौरान पीठसैंण में आयोजित स्वच्छता अभियान में भी मंत्री ने भाग लिया। उन्होंने पेशावर कांड के महानायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अंजली जोशी,उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी,खंड विकास अधिकारी टीकाराम सहित अधिकारी,जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Next Story