उत्तराखंड

Pauri Garhwal: आउटसोर्स कंपनी के हाजिरी ऐप पर उठे सवाल, एनएचएम कर्मचारी विरोध में

Admindelhi1
3 Sept 2026 10:05 AM IST
Pauri Garhwal: आउटसोर्स कंपनी के हाजिरी ऐप पर उठे सवाल, एनएचएम कर्मचारी विरोध में
x
एनएचएम में हाजिरी को लेकर बढ़ा विवाद, कर्मचारियों ने ऐप अपनाने से जताई आपत्ति

पौड़ी गढ़वाल: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों की दैनिक उपस्थिति दर्ज करने के लिए प्रस्तावित नए ऐप को लेकर विवाद गहरा गया है। पौड़ी जिले के एनएचएम कर्मचारी आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से तैयार किए गए इस ऐप का विरोध करेंगे। कर्मचारियों ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर साफ किया है कि वे इसे जिले में लागू नहीं होने देंगे।

एनएचएम कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि पिछले वर्ष ही विभाग ने आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था लागू की थी। इसके अलावा कर्मचारी उपस्थिति पंजिका और रियल टाइम बायोमेट्रिक मशीन में भी हाजिरी दर्ज कर रहे हैं। वहीं जियोटैग फोटो के माध्यम से भी कर्मचारियों की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है। ऐसे में नए ऐप के जरिए दोबारा उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था को कर्मचारियों ने अनावश्यक बताया है।

जिला सचिव सुनील खंडूड़ी ने आरोप लगाया कि करीब 20 वर्षों से कर्मचारियों के लिए एचआर पॉलिसी तक लागू नहीं की गई, लेकिन उपस्थिति के लिए एक माह में ऐप तैयार कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी वेतन वृद्धि और समान कार्य-समान वेतन की मांग करते हैं तो बजट की कमी का हवाला दिया जाता है, लेकिन आउटसोर्स एजेंसी को ऐप के लिए भुगतान करने में बजट की कमी नहीं आती।

करोड़ों खर्च के बाद फिर नई व्यवस्था कर्मचारियों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग पिछले वर्ष आधार आधारित बायोमेट्रिक मशीनों पर करोड़ों रुपये खर्च कर चुका है। अब एनएचएम कर्मचारियों के लिए अलग ऐप से उपस्थिति दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं और पुरानी बायोमेट्रिक मशीन पर भी हाजिरी अनिवार्य है। ऐसे में एक कर्मचारी को रोजाना तीन से चार माध्यमों से अपनी उपस्थिति दर्ज करनी पड़ेगी।

निजी एजेंसी को डेटा देने पर चिंता

कर्मचारियों ने आउटसोर्स कंपनी के ऐप में अपनी निजी और संवेदनशील जानकारी दर्ज किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कर्मचारियों का व्यक्तिगत डेटा किसी निजी एजेंसी के पास जाना सुरक्षा और गोपनीयता का गंभीर विषय है। पौड़ी जिले में स्वास्थ्य मिशन और आउटसोर्स के करीब 345 कर्मचारी तैनात हैं।

ज्ञापन देने वालों में अनिल रावत, शरद रौंतेला, सुनील सिंह, प्रदीप रावत, दीप सौरभ, सुरेंद्र नेगी, अतुल उनियाल, शिवानी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Next Story