उत्तराखंड

Pauri Garhwal: श्रीनगर में ई-लाइब्रेरी की तैयारी, युवाओं को मिलेगा डिजिटल ज्ञान का लाभ

Admindelhi1
22 Aug 2026 10:18 AM IST
Pauri Garhwal: श्रीनगर में ई-लाइब्रेरी की तैयारी, युवाओं को मिलेगा डिजिटल ज्ञान का लाभ
x
श्रीनगर में खुलेगी आधुनिक ई-लाइब्रेरी, पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में मिलेगा लाभ

पौड़ी गढ़वाल: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और छात्र-छात्राओं को अब अध्ययन के लिए आधुनिक सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होंगी। शुक्रवार को शिक्षा मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन दुमंजिला अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए।

ई-लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विषयों की पुस्तकें, ई-लर्निंग की सुविधा, पर्याप्त अध्ययन कक्ष और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। मंत्री ने कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों को शांत एवं व्यवस्थित माहौल में नियमित अध्ययन का अवसर देगा।

भवन को दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए भी सुगम बनाया जा रहा है। इसके तहत रैंप सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि ई-लाइब्रेरी श्रीनगर के साथ कीर्तिनगर और चौरास क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र साबित होगी। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ उच्च शिक्षा से संबंधित अध्ययन की सुविधाएं भी मिलेंगी।

खंड शिक्षा अधिकारी खिर्सू अश्वनी रावत ने बताया कि ई-लाइब्रेरी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि श्रीनगर के साथ कोटद्वार में भी इसी प्रकार की ई-लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है।

Next Story