उत्तराखंड

Pauri Garhwal: पौड़ी रेडक्रॉस की पहल, असम बाढ़ पीड़ितों के लिए जुटाए 24,100 रुपये

Admindelhi1
31 Aug 2026 6:27 PM IST
Pauri Garhwal: पौड़ी रेडक्रॉस की पहल, असम बाढ़ पीड़ितों के लिए जुटाए 24,100 रुपये
x
असम बाढ़ पीड़ितों की सहायता को पौड़ी रेडक्रॉस ने जुटाई 24,100 रुपये की मदद

पौड़ी गढ़वाल: असम में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा पौड़ी ने मानवीय पहल करते हुए 24,100 रुपये की आर्थिक सहायता जुटाकर असम राज्य शाखा को भेजी है।

भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी उत्तराखंड राज्य शाखा एवं राज्य मैनेजिंग कमेटी के आह्वान पर पौड़ी रेडक्रॉस ने बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए विशेष अभियान चलाया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के मार्गदर्शन में रेडक्रॉस के पदाधिकारियों, सदस्यों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए आर्थिक सहयोग एकत्र किया।

राज्य प्रतिनिधि प्रदीप रावत ने कहा कि आपदा किसी भी क्षेत्र में आए, रेडक्रॉस का मूल उद्देश्य पीड़ित मानवता की सेवा करना है। देश के एक हिस्से में आई आपदा के समय दूसरे हिस्से से सहायता का हाथ बढ़ाना सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी है।

जिला रेडक्रॉस शाखा के सचिव केसर असवाल ने कहा कि रेडक्रॉस के मूल सिद्धांत मानवता, निष्पक्षता और सेवा की भावना के साथ संस्था भविष्य में भी आपदा और संकट की घड़ी में जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहेगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल, कोषाध्यक्ष डॉ. अमित मेहरा, समीर बिष्ट, राजीव रावत, जसपाल रावत, दीपक खनसूली समेत रेडक्रॉस के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। जिला रेडक्रॉस ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, स्वयंसेवकों और जनसामान्य का आभार जताया।

Next Story