उत्तराखंड

Pauri Garhwal: चार श्रेणियों में कूड़ा अलग करने को पालिका का जागरूकता अभियान

Admindelhi1
20 Sept 2026 1:23 PM IST
Pauri Garhwal: चार श्रेणियों में कूड़ा अलग करने को पालिका का जागरूकता अभियान
x
पालिका अभियान में कूड़ा अलग करने की जानकारी दी

पौड़ी गढ़वाल: सेवा संकल्प अभियान के तीसरे चरण के तहत स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद पौड़ी ने नगर क्षेत्र में कूड़ा पृथक्करण को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान नागरिकों और दुकानदारों को घर व प्रतिष्ठान से निकलने वाले कचरे को स्रोत स्तर पर ही अलग-अलग रखने और पालिका के कूड़ा संग्रहण वाहनों को भी पृथक श्रेणी में कचरा देने के लिए जागरूक किया गया।

पालिका ने लोगों को बताया कि कचरे को गीला, सूखा, घरेलू हानिकारक और सैनिटरी कचरे की चार श्रेणियों में अलग रखा जाना चाहिए। भोजन के अवशेष और फल-सब्जियों के छिलके गीले कचरे में, जबकि कागज, गत्ता, प्लास्टिक, कांच व धातु सूखे कचरे में रखने की जानकारी दी गई। बैटरी, बल्ब, ट्यूबलाइट, पेंट व रसायनों के अवशेष को घरेलू हानिकारक कचरे तथा डायपर, सैनिटरी पैड समेत अन्य सैनिटरी सामग्री को अलग रखने के लिए कहा गया।

अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि स्रोत स्तर पर कूड़ा पृथक्करण प्रभावी कचरा प्रबंधन की पहली कड़ी है। इससे गीले कचरे के उचित प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण योग्य सामग्री के पुनः उपयोग और हानिकारक कचरे के सुरक्षित निस्तारण में मदद मिलती है।

उन्होंने नागरिकों से खुले में कूड़ा न डालने, निर्धारित स्थान पर ही कचरा देने और संग्रहण के समय कचरे की अलग-अलग श्रेणियां पृथक रखने की अपील की। साथ ही कम उपयोग, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण की अवधारणा अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। पालिका के अनुसार स्वच्छता में जनभागीदारी बढ़ाने और कूड़ा पृथक्करण को दैनिक आदत बनाने के लिए जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।

Next Story