उत्तराखंड

Pauri Garhwal: जनरल साहब को लेकर कुकरेती का भावुक बयान

Admindelhi1
21 May 2026 9:58 AM IST
Pauri Garhwal: जनरल साहब को लेकर कुकरेती का भावुक बयान
x
कुकरेती ने जनरल साहब को बताया जनप्रिय व्यक्तित्व

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के आकस्मिक निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन को उत्तराखंड की राजनीति और जनसेवा के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। प्रदेशभर में लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद कर रहे हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नीलकंठ खंड के खंड कार्यवाह अलकेश कुकरेती ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जनरल खंडूरी उत्तराखंड के लोगों के दिलों में राज करते थे। उनकी छवि एक ईमानदार, सख्त और अनुशासित मुख्यमंत्री की रही, जिसके कारण सभी राजनीतिक दलों के लोग उनका सम्मान करते थे।

अलकेश कुकरेती ने कहा कि केंद्रीय मंत्री रहते हुए जनरल खंडूरी ने स्वर्ण चतुर्भुज योजना को नई दिशा दी। इस योजना के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों के बीच सड़क संपर्क मजबूत हुआ और गांवों तक सड़क पहुंचाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ा। उन्होंने कहा कि देश की मजबूत सड़क व्यवस्था और कनेक्टिविटी में जनरल खंडूरी का योगदान हमेशा याद रखा जाए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में जनरल खंडूरी का कार्यकाल उत्तराखंड में बेहद प्रभावशाली रहा। उन्होंने बेलगाम अफसरशाही पर लगाम लगाने के साथ ही रोजगार बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। वहीं कृषि भूमि को व्यावसायिक भूमि में अनियंत्रित बदलावों पर रोक लगाकर उन्होंने प्रदेश की मूल पहचान और पहाड़ की संस्कृति को सुरक्षित रखने का कार्य किया।

Next Story