उत्तराखंड

Pauri Garhwal: आरटीई प्रवेश के सत्यापन में अनियमितताएं उजागर, स्कूल प्रबंधन को नोटिस

Admindelhi1
4 Sept 2026 10:30 AM IST
Pauri Garhwal: आरटीई प्रवेश के सत्यापन में अनियमितताएं उजागर, स्कूल प्रबंधन को नोटिस
x
बच्चों के आरटीई प्रवेश सत्यापन में मिली खामियां, स्कूल प्रबंधन से जवाब तलब

पौड़ी गढ़वाल: बीआर मॉडर्न स्कूल पौड़ी में शिक्षा के अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत प्रवेशित बच्चों के भौतिक सत्यापन के दौरान कई अनियमितताएं सामने आई हैं। सत्यापन टीम ने विद्यालय में संचालित व्यवस्थाओं और अभिलेखों की जांच की, जिसमें निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं मिलने पर विद्यालय प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

भौतिक सत्यापन के दौरान पाया गया कि विद्यालय में NCERT से भिन्न पुस्तकों का संचालन किया जा रहा था। इसके अलावा नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी की कक्षाएं मुख्य विद्यालय से अलग ‘मुकेश सरला चिल्ड्रन एकेडमी’ के नाम से संचालित की जा रही थीं। जांच में उक्त संस्था/विद्यालय के लिए पृथक मान्यता प्राप्त किए जाने से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए।

सत्यापन के दौरान विद्यालय भवन और परिसर भी छोटे बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि से निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इसे लेकर भी विद्यालय प्रबंधन से आवश्यक दस्तावेज और स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जांच में सामने आई अनियमितताओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों की ओर से विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में प्रबंधन को अपना जवाब/स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के साथ ही आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, विद्यालय प्रबंधन के जवाब और प्रस्तुत किए जाने वाले अभिलेखों के परीक्षण के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story