उत्तराखंड

Pauri Garhwal: पाबौ में स्वास्थ्य सेवा अभियान, मरीजों को मिला मुफ्त उपचार

Admindelhi1
28 July 2026 7:20 PM IST
Pauri Garhwal: पाबौ में स्वास्थ्य सेवा अभियान, मरीजों को मिला मुफ्त उपचार
x
पाबौ में आयोजित निशुल्क चिकित्सा शिविर में मरीजों की जांच

पौड़ी गढ़वाल: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पाबौ में तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। ब्लॉक प्रमुख लता रावत ने शिविर का शुभारंभ किया। शिविर के पहले ही दिन 146 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण कराकर निशुल्क उपचार एवं परामर्श सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग, अस्थि रोग, सामान्य चिकित्सा, नेत्र, ईएनटी तथा रेडियोलॉजी सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की।

पहले दिन उपचार कराने वालों में 52 पुरुष और 94 महिलाएं शामिल रहीं। विशेषज्ञों ने छह स्त्री एवं प्रसूति रोग, 21 फिजीशियन, 20 अस्थि रोग तथा 50 नेत्र रोगियों का परीक्षण कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। स्वास्थ्य शिविर में 36 एक्स-रे, 38 प्रयोगशाला जांच, 83 लोगों की गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग, 24 लोगों की टीबी जांच तथा 25 लाभार्थियों की एचआईवी एवं आरकेएसके काउंसलिंग की गई। इसके अलावा 40 लोगों की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (एबीएचए) आईडी भी बनाई गई। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि जिले में 4 जुलाई से 17 अगस्त तक सभी विकासखंडों में तीन-तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को घर के नजदीक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।

मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एसएम शुक्ला ने बताया कि शिविरों में पैथोलॉजी जांच, एनसीडी स्क्रीनिंग, टीबी व एनीमिया जांच, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र परीक्षण, टीकाकरण, सिकल सेल जांच, किशोर स्वास्थ्य परामर्श, एएनसी-पीएनसी सेवाएं व निशुल्क दवा वितरण जैसी समग्र स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Next Story