उत्तराखंड

Pauri Garhwal: बुजुर्ग को गुलदार ने किया घायल, अस्पताल में उपचार जारी

Admindelhi1
28 March 2026 8:36 PM IST
Pauri Garhwal: बुजुर्ग को गुलदार ने किया घायल, अस्पताल में उपचार जारी
x

पौड़ी गढ़वाल: विकास खंड खिर्सू के ग्राम पंचायत जोगड़ी में गुलदार के हमले में एक बुजुर्ग घायल हो गए हैं। घायल बुजुर्ग का मेडिकल काॅलेज श्रीनगर में उपचार चल रहा है। घटना सुबह सात बजे की है। जब बुजुर्ग गांव के पास धारे पर पानी लेने जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया।

बस्ती के समीप गुलदार के हमले में बुजुर्ग के घायल होने से क्षेत्र में दहशत बनी है। ग्रामीणों ने घायल बुजुर्ग के समुचित उपचार व क्षेत्र को गुलदार के आतंक से निजात दिलाए जाने की मांग की है। मौके पर वन विभाग की टीम तैनात हो गई है।

जनद पौड़ी में गुलदार के हमलों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को विकास खंड खिर्सू के जोगड़ी गांव में गुलदार के हमले में बुजुर्ग घायल हो गए हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य शरत सिंह नेगी ने बताया कि जोगड़ी गांव निवासी 73 वर्षीय हीरा सिंह पुत्र स्व. फते सिंह शनिवार को सुबह सात बजे गांव के समीप धारे से पीने का पानी लेने जा रहे थे। बस्ती से कुछ दूर वह एक ग्रामीण महिला के साथ पैदल जा रहे थे।

इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। वह उन्हें नीचे की ओर लुड़काकर ले गया। ग्रामीणों के शोर मचाने से गुलदार भाग खड़ा हुआ। लेकिन गुलदार के हमले में बुजुर्ग हीरा सिंह के दाहिने हाथ व सिर पर नाखून व दांत के निशान आए हैं। बताया कि गुलदार के हमले में घायल बुजुर्ग का मेडिकल कॉलेज श्रीनगर गढ़वाल में उपचार चल रहा है। ग्रामीणों ने क्षेत्र को गुलदार के आतंक से निजात दिलाए जाने, घायल ग्रामीण को समुचित उपचार प्रदान किए जाने व गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने के आदेश दिए जाने की मांग की।

एसडीओ गढवाल आयशा बिष्ट ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में विभागीय टीम तैनात कर ली गई है। फॉक्स लाइट, एनआईजर व छह कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में विभागीय टीम लगातार गश्त कर रही है।

Next Story