उत्तराखंड

Pauri Garhwal: बारिश के असर पर डीएम की नजर, अधिकारियों को अलर्ट रहने के आदेश

Admindelhi1
9 July 2026 8:34 PM IST
Pauri Garhwal: बारिश के असर पर डीएम की नजर, अधिकारियों को अलर्ट रहने के आदेश
x
डीएम ने बारिश के बीच आपदा प्रबंधन को सक्रिय रहने को कहा

पौड़ी गढ़वाल: जिले में लगातार हो रही बारिश से आज आम जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। बारिश से कई स्थानों पर मोटर मार्गो के बंद होने, बिजली गुल होने के साथ ही मलबा आने की घटनाएं सामने आई।

वहीं, मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने आपदा परिचालन केंद्र पहुंचकर जिले के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

बारिश से जिले के कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर सतपुली मल्ली के पास भारी मलबा आने से यातायात ठप हो गया। जिससे यात्रियों को दूसरे वैकल्पिक मांर्ग से जाना पड़ा। वहीं, प्रशासन की टीम मोटरमार्गो को खोलने व विद्युत आपूर्ति को ठीक करने में जुटी रही लेकिन लगातार हो रही बारिश से टीम को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा

गुरुवार को बारिश से जिले के पैठाणी, घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कालेज, केवर्स, एकेश्वर, चौबटटाखाल, जयहरीखाल फिडल में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।

वहीं, लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपजिलाधिकारियों की बैठक लेते हुए निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे स्वयं फील्ड में सक्रिय रहकर स्थिति की लगातार निगरानी करते हुए तथा राजस्व, ग्राम पंचायत, स्वास्थ्य, कृषि, लोक निर्माण, विद्युत और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीमों को भी क्षेत्र में सक्रिय रखने को कहा। इस दौरान डीएम ने लोनिवि, सिंचाई विभाग तथा अन्य अधिकारियों के साथ मुख्यालय क्षेत्र में बारिश के पानी निकासी व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। कंडोलिया क्षेत्र से होकर वर्षा का पानी जेलगदेरे की ओर प्रवाहित होता है, जिसे देखते हुए उन्होंने पूरे ड्रेनेज नेटवर्क का मौके पर जाकर जायजा लिया।

इस दौरान एजेंसी चौक एवं राजकीय पुस्तकालय के समीप ड्रेनेज सिस्टम, स्क्रपर व नालियों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को जल निकासी में बाधा बनने वाले सभी अवरोध तत्काल हटाने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफआर चौहान, सीएमओ डॉ शिवमोहन शुक्ला, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, जल संस्थान टीएस रावत, विद्युत अभिनव रावत आदि शामिल रहे।

Next Story