उत्तराखंड

Pauri Garhwal: घुड़दौड़ी के पाइन नीडल आधारित मॉडल की चर्चा

Admindelhi1
12 May 2026 10:17 AM IST
Pauri Garhwal: घुड़दौड़ी के पाइन नीडल आधारित मॉडल की चर्चा
x

पौड़ी गढ़वाल: गोविन्द बल्लभ पंत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी घुड़दौड़ी ने राष्ट्रपति निकेतन, देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने नवाचार आधारित छात्र परियोजनाओं का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का विषय समावेशी विकास हेतु उत्तरदायी नवाचार” था।

संस्थान का प्रतिनिधित्व जैव प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण भट्ट एवं सहायक आचार्य डॉ. सुरेश चन्द्र फुलारा ने छात्र टीम के साथ किया। इस अवसर पर दो अभिनव मॉडल प्रस्तुत किए गए। छात्र आयुष नेगी एवं वंश शर्मा द्वारा प्रस्तुत इस मॉडल में चीड़ की सूखी पत्तियों (पाइन नीडल) जैसे वनाग्नि के प्रमुख कारण बनने वाले अपशिष्ट को उपयोगी, तापरोधी एवं पर्यावरण अनुकूल भवन निर्माण सामग्री में परिवर्तित करने की तकनीक प्रदर्शित की गई।

इस मॉडल को आयोजकों, आगंतुकों, विशेषज्ञों व आम जनमानस ने अत्यधिक सराहा और इसे हिमालयी क्षेत्रों के लिए एक संभावित सतत समाधान के रूप में देखा गया। मेकैनिकल विभाग में कार्यरत सहायक आचार्य डॉ मनोज कुमार पाठक के मार्गदर्शन में छात्र श्रीजी व शिवांग द्वारा प्रस्तुत इस मॉडल में एक पोर्टेबल स्वास्थ्य निगरानी प्रणाली प्रदर्शित की गई, जो त्वरित एवं सुलभ स्वास्थ्य परीक्षण हेतु उपयोगी तकनीकी समाधान प्रदान करती है।

संस्थान के निदेशक प्रो. वीके बंगा एवं अधिष्ठाता प्रो. ममता बौण्ठियाल ने इस उपलब्धि पर छात्र एवं संकाय टीम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी तथा भविष्य में भी ऐसे नवाचार-आधारित कार्यों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया। यह सहभागिता संस्थान की नवाचार, अनुसंधान एवं समाजोपयोगी प्रौद्योगिकी विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Next Story