उत्तराखंड

Pauri Garhwal: श्रीनगर में चारधाम यात्रियों को मौसम के चलते रोका गया

Admindelhi1
1 Jun 2026 10:18 AM IST
Pauri Garhwal: श्रीनगर में चारधाम यात्रियों को मौसम के चलते रोका गया
x
चारधाम यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए श्रीनगर में ठहराव

पौड़ी गढ़वाल: चारधाम यात्रा मार्ग पर खराब मौसम के कारण जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए श्रीनगर क्षेत्र में यात्रा को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया है। ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी वर्षा और आंधी-तूफान के मद्देनजर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया लगातार मौसम की स्थिति, होल्डिंग क्षेत्रों एवं यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं। उन्होंने उपजिलाधिकारी श्रीनगर सहित संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मौसम खराब होने के कारण यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने की स्थिति में श्रीनगर क्षेत्र में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है।

उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में लगभग 400 वाहनों को एनआईटी मैदान एवं आवास विकास मैदान में सुरक्षित रूप से ठहराया गया है। उन्होंने बताया कि मौसम की स्थिति में सुधार होने पर सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए वाहनों को चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही जो यात्री रात्रि विश्राम अथवा अतिरिक्त समय तक रुकना चाहते हैं, उनके लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जिला प्रशासन की ओर से सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है और संबंधित अधिकारी मौके पर तैनात रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। यात्रियों की सहायता एवं समन्वय के लिए जिला प्रशासन की ओर से चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं आवश्यक सहायता के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

जिला प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा मौसम सामान्य होने तक निर्धारित होल्डिंग स्थलों अथवा सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए हर संभव व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

Next Story