उत्तराखंड

Pauri Garhwal: बदरीनाथ उपचुनाव के नतीजे को लेकर बुटोला की प्रतिक्रिया

Admindelhi1
21 Sept 2026 10:12 AM IST
Pauri Garhwal: बदरीनाथ उपचुनाव के नतीजे को लेकर बुटोला की प्रतिक्रिया
x
बुटोला ने दल-बदल की राजनीति पर उठाए सवाल

पौड़ी गढ़वाल: कल्जीखाल के घंडियाल में रविवार को कांग्रेस की संगठन बैठक आयोजित हुई। बैठक में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया गया।

बैठक में बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि बदरीनाथ उपचुनाव का परिणाम लोकतंत्र और संविधान की जीत है। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ की जनता ने दल-बदल की राजनीति का जवाब दिया है। यह जीत केवल कांग्रेस प्रत्याशी की नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में विश्वास रखने वाले लोगों की जीत है।

बुटोला ने कहा कि बदरीनाथ उपचुनाव के परिणाम के बाद उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, पौड़ी, टिहरी और चंपावत समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लोगों ने खुशी जताई। इससे इस परिणाम का व्यापक राजनीतिक संदेश सामने आया है। उन्होंने कहा कि जिस पवित्र भूमि से गंगा का उद्गम होता है, वहीं से लोकतंत्र की नई धारा बहने का संदेश भी मिला है।

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर शिक्षा, रोजगार और विकास के मुद्दों को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा गया कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर देश के निर्माण तक पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आस्था जरूरी है, लेकिन इसके साथ अंधविश्वास का विरोध भी होना चाहिए।

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर भी निशाना साधा गया। कांग्रेस नेताओं ने मुफ्त राशन योजना को लेकर सरकार पर राजनीतिक प्रचार का आरोप लगाते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचना चाहिए, लेकिन उसका राजनीतिक श्रेय लेने की प्रवृत्ति पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

कांग्रेस नेताओं ने उत्तराखंड में जमीनों की बिक्री और विकास योजनाओं को लेकर भी चिंता जताई। कहा कि प्रदेश की जमीन और प्राकृतिक संसाधनों की कीमत पर भविष्य की पीढ़ियों के हितों से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश को बिकने और झुकने नहीं देगी।

बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, नगराध्यक्ष भरत सिंह रावत, ब्लॉक अध्यक्ष अजय पटवाल, सुंदरलाल मुयाल, विनोद दनोशी, अरुणा कुमार, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।

Next Story