Pauri Garhwal: पौड़ी में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को मिलेगी औषधीय पहचान

पौड़ी गढ़वाल: हरेला महाभियान के तहत जनपद में पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य को एक साथ मजबूत करने की दिशा में नई पहल शुरू की गई है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग 34 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में औषधीय उद्यान विकसित कर रहा है। इस अभियान का उद्देश्य औषधीय पौधों का संरक्षण, आयुर्वेद के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और लोगों को प्राकृतिक एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
जिला आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सालय की ओर से इस योजना के लिए 1.70 लाख की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। आरोग्य मंदिर परिसरों के अलावा गांवों के सार्वजनिक स्थलों पर भी औषधीय और सुगंधित पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक लोग इनके औषधीय महत्व और उपयोग से परिचित हो सकें।औषधीय उद्यानों में तुलसी, अश्वगंधा, गिलोय, लेमनग्रास, एलोवेरा, ब्राह्मी और पुदीना सहित कई महत्वपूर्ण औषधीय एवं सुगंधित प्रजातियों का रोपण किया जा रहा है।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि प्रत्येक आयुष्मान आरोग्य मंदिर को स्वास्थ्य जागरूकता का जीवंत केंद्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। यहां आने वाले लोगों को औषधीय पौधों की पहचान, उनके गुणों और दैनिक जीवन में उनके उपयोग की जानकारी दी जाएगी, जिससे आयुर्वेद के प्रति विश्वास बढ़ेगा।





