Pauri Garhwal: कोटद्वार बेस अस्पताल की व्यवस्थाओं परखी गईं, मरीज सुविधाओं को प्राथमिकता

पौड़ी गढ़वाल: विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने शुक्रवार को चंद्र मोहन सिंह नेगी राजकीय बेस चिकित्सालय में चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक लेकर अस्पताल की व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं की समीक्षा की। बैठक में बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, लैब टेक्नीशियन समेत आवश्यक मानव संसाधन और अन्य सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार, स्वच्छ वातावरण और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी और पारदर्शी उपयोग के साथ अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न सेवाओं से प्राप्त शुल्क की धनराशि के उपयोग, भुगतान और वित्तीय व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। इस दौरान मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुईं। बैठक में अपर जिलाधिकारी फिंचाराम चौहान, एसडीएम कोटद्वार संदीप कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक विजय सिंह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुनील कुमार भंडारी, कोषाधिकारी भुवनेश चंद्र, गणेश गौड़, विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र नेगी, प्रमोद केष्टवाल, रजत भट्ट समेत अन्य लोग मौजूद रहे।





