उत्तराखंड

Pauri Garhwal: अवैध गैस उपयोग करने वालों पर प्रशासन सख्त

Admindelhi1
27 May 2026 5:16 PM IST
Pauri Garhwal: अवैध गैस उपयोग करने वालों पर प्रशासन सख्त
x
घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर शिकंजा

पौड़ी गढ़वाल: जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पूर्ति विभाग ने औचक निरीक्षण अभियान के तहत गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों और विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि बुधवार को जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में कुल 57 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि कोटद्वार क्षेत्र में 27 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान 4 घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग पकड़ा गया, जिस पर संबंधित प्रतिष्ठानों से 9,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं दुगड्डा क्षेत्र में 10 प्रतिष्ठानों के निरीक्षण में 2 घरेलू सिलेंडरों का अवैध उपयोग मिलने पर 4,600 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

इसी तरह पौड़ी क्षेत्र में 20 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान 6 घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग पाया गया। इस पर संबंधित प्रतिष्ठानों से 13,800 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान कुल 27,600 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए विभाग नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चला रहा है। सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने और अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story