उत्तराखंड

Pauri Garhwal: नीलकंठ यात्रा मार्ग पर छात्रों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला

Admindelhi1
28 July 2026 6:15 PM IST
Pauri Garhwal: नीलकंठ यात्रा मार्ग पर छात्रों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला
x
कांवड़ मेले को लेकर प्रशासन सतर्क, 18 स्कूलों पर असर

पौड़ी गढ़वाल: नीलकंठ महादेव कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने नीलकंठ यात्रा मार्ग और आसपास स्थित 18 शिक्षण संस्थानों में निर्धारित अवधि के लिए अवकाश घोषित कर दिया है। इस निर्णय का उद्देश्य विद्यार्थियों को संभावित दुर्घटनाओं और यातायात अव्यवस्था से सुरक्षित रखना है।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान नीलकंठ मार्ग पर लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है, जिससे यातायात पर अत्यधिक दबाव पड़ता है। ऐसे में विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने और यात्रा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। उन्होंने सभी विभागों और विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन के आदेश के अनुसार नीलकंठ और दिउली क्षेत्र के चार विद्यालयों में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक अवकाश रहेगा। वहीं लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम, घट्टूगाड़, गंगाभोगपुर और नीलकंठ क्षेत्र के 14 अन्य शिक्षण संस्थानों में 5 अगस्त से 11 अगस्त तक छुट्टियां रहेंगी। जिला प्रशासन का मानना है कि इस निर्णय से एक ओर छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तो दूसरी ओर कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन भी अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अवकाश अवधि के दौरान जारी निर्देशों का पालन किया जाए, ताकि कांवड़ मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

Next Story