उत्तराखंड

दिल्ली से भराड़ी चलने वाली बस सेवा बंद होने से यात्रियों को हुई परेशानी

Admin Delhi 1
12 Nov 2022 9:40 AM GMT
दिल्ली से भराड़ी चलने वाली बस सेवा बंद होने से यात्रियों को हुई परेशानी
x

देवभूमि बागेश्वर न्यूज़: प्रदेश के परिवहन मंत्री के गृह जनपद के लिए पूर्व में प्रारंभ दिल्ली-भराड़ी बस सेवा के अनियमित संचालन से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक बार फिर दिल्ली-भराड़ी बस सेवा गत सप्ताह से ठप पड़ी है। जिससे यात्रियों ने नाराजगी व्यक्त की है। बता दें कि दिल्ली-भराड़ी बस सेवा का संचालन पूर्व में भवाली डिपो से किया जाता था। विगत माह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा बागेश्वर डिपो का शुभारंभ करने के बाद से इसे बागेश्वर डिपो द्वारा संचालित किया जाने लगा। यात्रियों ने बताया कि यह बस सेवा पूर्व में नियमित रूप से संचालित होती थी परंतु कोविड काल के बाद से अनियमित रूप से संचालित हो रही है। बागेश्वर के विधायक चंदन दास द्वारा परिवहन मंत्री का पद संभालने के बाद इसे सुचारू किया गया परंतु पिछले पांच दिनों से एक बार फिर यह बस सेवा ठप पड़ी है। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली से आने वाले यात्री भी दिल्ली स्टेशन पर बस पकड़ने के लिए पहुंच रहे हैं परंतु बस सेवा उपलब्ध न होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बागेश्वर निवासी कमलेश सिंह व कपकोट निवासी जगमोहन दानू ने बताया कि उन्हें बस स्टेशन दिल्ली जाकर बस के संचालन न होने की जानकारी मिली जिसके बाद उन्हें अन्य निजी बस से हल्द्वानी तक यात्रा करनी पड़ी। जिसमें उनको आर्थिक नुकसान हुआ है। इधर, बस सेवा बंद होने से जनपद के कई यात्रियों ने नाराजगी व्यक्त की है तथा बस सेवा सुचारू रूप से संचालित किए जाने की मांग की है।

Next Story