
x
भाटीगांव में लावारिस सांड़ ने एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया
बेड़ीनाग । भाटीगांव में लावारिस सांड़ ने एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया है। हमले में महिला के जांघ में सींग लग गए। इससे वह गंभीर घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। महिला की जांघ में 35 टांके लगे हैं। ग्रामीणों ने सांड़ को पकड़ने की मांग की है।
भट्टीगांव वार्ड में महिला 72 वर्षीय बसंती पंत पत्नी स्व. नवीन चंद्र पंत अपने घर पर थी। देर रात सांड़ उनके आंगन में आ गया। इसका पता चलते ही बसंती डंडे से सांड़ को भगाने की कोशिश करने लगीं। इससे गुस्साए सांड़ ने उन पर हमला बोल दिया। वह बुरी तरह घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीण जमा हो गए। लाठी-डंडे मारकर सांड़ को भगाया। एंबुलेंस से घायल महिला को सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बसंती को हायर सेंटर अल्मोड़ा रेफर कर दिया। जख्म अधिक गहरा होने के चलते चिकित्सकों को महिला की जांघ में 35 टांके लगाने पड़े। इधर ग्रामीणों ने नगर पंचायत से सांड़ को पकड़ने की मांग की है। उन्होंने बताया कि सांड़ पहले भी कई लोगों पर हमला कर घायल कर चुका है। अगर समाधान नहीं किया गया तो सांड़ के हमले में किसी की जान भी जा सकती है।
Next Story





