उत्तराखंड

जनसुनवाई में अधिकारियों ने 32 शिकायतें मौके पर निपटाईं

Admindelhi1
28 Sept 2026 3:08 PM IST
जनसुनवाई में अधिकारियों ने 32 शिकायतें मौके पर निपटाईं
x
65 शिकायतों में 32 का मौके पर समाधान

हरिद्वार: जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 65 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 32 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड समेत अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में दर्ज प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निस्तारण किया जाए। उन्होंने शिकायतकर्ता से दूरभाष पर बात करने और आवश्यकता पड़ने पर मौके का निरीक्षण कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

सीडीओ ने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 259 और एल-2 स्तर पर 97 शिकायतें लंबित पाई गईं। अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

Next Story