कैबिनेट बैठक में मांगों पर फैसला नहीं, नाराज PRD जवानों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड में प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवान अपनी मांगों को लेकर एक बार फिर सड़कों पर उतर आए हैं। कैबिनेट बैठक में समान कार्य के लिए समान वेतन और साल के 365 दिन रोजगार देने का प्रस्ताव शामिल नहीं होने से नाराज जवानों ने शनिवार को कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है। जवानों का कहना है कि सरकारी विभागों में नियमित कर्मचारियों की तरह जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद उन्हें समान वेतन नहीं मिल रहा है।
उन्होंने सालभर रोजगार, समान कार्य के लिए समान वेतन और मूल वेतन के आधार पर महंगाई भत्ता देने की मांग उठाई। जवानों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





