उत्तराखंड

किच्छा बाइपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दो लोगों की मौत की खबर, एक घायल

Admin Delhi 1
23 July 2022 1:05 PM GMT
किच्छा बाइपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दो लोगों की मौत की खबर, एक घायल
x

रुद्रपुर एक्सीडेंट न्यूज़: किच्छा बाइपास पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने रुद्रपुर निवासी स्कूटी सवार और किच्छा निवासी बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। संजय नगर खेड़ा निवासी 45 साल के रामजीत सरदार सीएससी सेंटर चलाते थे। शुक्रवार को वह किसी काम से शक्तिफार्म गए हुए थे। रात 9 बजे वह वापस स्कूटी से घर को लौट रहे थे। तभी किच्छा बायपास रोड पर पहुंचे तो तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा है इस दौरान सैजना किच्छा निवासी 32 साल के शमशाद हुसैन मजदूरी कर अपने साथी असलम उर्फ नन्हे के साथ बाइक से घर लौट रहा था। तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को भी टक्कर मार दी। जिससे तीनो गंभीर रूप से घायल हो गए। यह देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची किच्छा पुलिस ने 108 की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने रामजीत सरदार और शमशाद हुसैन को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल असलम की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। शनिवार सुबह पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Next Story