उत्तराखंड

New Tehri: कंडार मल्ला में पुनर्वास को लेकर प्रशासन का बड़ा फैसला

Admindelhi1
10 Sept 2026 8:22 PM IST
New Tehri: कंडार मल्ला में पुनर्वास को लेकर प्रशासन का बड़ा फैसला
x
कंडार मल्ला के प्रभावित परिवारों को राहत की उम्मीद

नई टिहरी: जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में दैवी आपदा से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने अधिकारियों की बैठक लेते हुए प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

वीरवार को जिला स्तरीय पुनर्वास समिति की बैठक में घनसाली, बालगंगा, टिहरी और धनोल्टी तहसील क्षेत्र के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास प्रकरणों की समीक्षा की गई। तहसील घनसाली के कंडार मल्ला गांव के तीन परिवारों के पुनर्वास प्रकरण में भू-विज्ञानी की रिपोर्ट समिति के समक्ष रखी गई।

डीएम ने रिपोर्ट पर सहमति जताते हुए संबंधित परिवारों को पहली किस्त की धनराशि जारी करने के निर्देश दिए। गवाणा मल्ला और अक्वाण गांव के एक-एक परिवार के प्रकरण में भी भू-विज्ञानी की रिपोर्ट के आधार पर पहली किस्त जारी करने के निर्देश दिए गए। तहसील बालगंगा के गेंवाली और तहसील टिहरी के पलेथ गांव के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास प्रकरणों की भी समीक्षा हुई। पलेथ गांव के 22 प्रभावित परिवारों में से 21 का पुनर्वास पूरा हो चुका है। शेष एक परिवार के भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई चल रही है। डीएम ने तहसीलदार को इसकी रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने को कहा।

धनोल्टी क्षेत्र से विस्थापित किए जाने वाले 20 परिवारों का पुनर्वास पूरा हो चुका है। बताया गया कि प्रभावित सभी परिवारों को पुनर्वास के लिए निर्धारित पहली और दूसरी किश्त की धनराशि शत-प्रतिशत जारी की जा चुकी है।

Next Story