उत्तराखंड

New Tehri: सत्यापन में लापरवाही पर थाना प्रभारियों की खिंचाई, चोरी की घटनाओं पर जताई नाराजगी

Admindelhi1
17 Aug 2026 7:44 PM IST
New Tehri: सत्यापन में लापरवाही पर थाना प्रभारियों की खिंचाई, चोरी की घटनाओं पर जताई नाराजगी
x
चोरी रोकने में लापरवाही पर थाना प्रभारियों को फटकार, सत्यापन तेज करने के निर्देश

नई टिहरी: पुलिस लाइन चंबा में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में एसएसपी श्वेता चौबे ने थाना क्षेत्रों में सत्यापन कार्यवाही में लापरवाही बरतने वाले व चोरी की घटनाओं पर लगान न लगाने वाले पुलिस अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाई। वहीं बेहतर कार्य करने वाले 57 पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया। एसएसपी ने कांवड़ मेला सकुशल संपन्न कराने पर पुलिसकर्मियों को बधाई दी।

सोमवार को चंबा में आयोजित गोष्ठी में एसएसपी श्वेता ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी। उन्होंने जनपद में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, शिकायतों, अभियोगों के निस्तारण सहित विभिन्न पुलिस अभियानों की प्रगति की समीक्षा की। सत्यापन अभियान में अपेक्षित प्रगति न होने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पाने वाले थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं आगामी त्योहारों सहित विभिन्न आयोजनों के देखते हुए कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर एसएसपी ने थाना प्रभारियों को सतर्कता बढ़ाने, किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा। चोरी रोकने को संवेदनशील स्थानों की पहचान, रात्रि गश्त, चेकिंग बढ़ाने सहित पूर्व में घटित घटनाओं के अनावरण के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करने को कहा।

ड्रंकन ड्राइव, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से चालान करने को कहा। इस मौके पर एएसपी दीपक सिंह, सीओ चंद्रमोहन सिंह, सुरेंद्र भंडारी, महेश लखेड़ा माैजूद थे।

Next Story