New Tehri: आभूषण चोरी मामले में पुलिस की कार्रवाई, दो गिरफ्तार

नई टिहरी: पुलिस और सीआईयू टीम ने नगर क्षेत्र में एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर चोरी कर फरार चल रहे दो युवकों को ऋषिकेश नटराज चौक से गिरफ्तार कर दिया। जांच टीम 11 सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद चोर तक पहुंची। घटना में शामिल तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जम्मू रवाना की गई है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि बीते 4 सितम्बर को नरेंद्रनगर निवासी सौरभ धमांदा ने कोतवाली नरेंद्रनगर में घर से 50 लाख से अधिक कीमत के आभूषण चोरी की एफआईआर दर्ज कराई। घटना की गंभीरता को देखते हुए नरेंद्रनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा और सीआईयू प्रभारी ओमकांत की अगुवाई में जांच टीम गठित की गई। इस दौरान टीम ने सीसीटीवी और एक्टिव सर्विलांस के जरिए पड़ताल कर घटना में प्रयुक्त बाइक की पहचान हुई। जिसे अभियुक्त ऋषिकेश के नटराज चौक के पास छोड़कर फरार हो गए थे।
अभियुक्तों की पहचान शहनवाज (26) पुत्र मोहम्मद रफी निवासी चालोग, थाना बनी, जिला कठुआ, जाहिद उर्फ अतीक (21) पुत्र मौसम निवासी ढोडला जदरेली, पोस्ट मुंड शीतलनगर और मोहम्मद रफीक (28) पुत्र इकबाल निवासी ढोडला बंसौली, जिला कठुआ जम्मू के रूप में हुई। एसएसपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर नटराज चौक के पास खड़ी बाइक लेने पहुंचे अभियुक्त शहनवाज और जाहिद को रविवार शाम को दबोच लिया।
अभियुक्तों ने बताया 1 सितंबर को हिमाचल के धर्मपुर से एक बाइक चारी की थी। ऋषिकेश में रेकी करने के बाद 4 सितम्बर को नरेंद्रनगर गए। जहां बंद मकान का ताला तोड़ा और आभूषण चोरी किए। माल बेचने से पहले ही दोनों को दबोच लिए। दोनों को पुलिस कोर्ट में पेश करने ले गई।





