New Tehri: नई टिहरी में उद्यमशाला योजना के प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी

नई टिहरी: टिहरी जिले में ग्राम्य विकास विभाग की ओर से मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत चौपाल-2026 का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने सहित क्रेता व विक्रेता के बीच समन्वय स्थापित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देना है।
शुक्रवार को कार्यक्रम के प्रथम चरण में डीएम नितिका खंडेलवाल सहित सरकार में विभिन्न विभागों का कार्य देख रहे दायित्वधारियों ने क्रेता-विक्रेता सम्मेलन के अंतर्गत उद्यमों व योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए उद्यम आइईसी प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यक्रम चला रही है। साथ ही क्रेता व विक्रेता के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जरूरतमंद तक पहुंचाने के लिए मिलकर काम करने की जरूरत है। इस मौके पर ग्रामीण विकास विभाग के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद की उपाध्यक्ष विनोद उनियाल, अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष खेम सिंह चौहान, थौलधार ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह भंडारी, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, प्रशिक्षु आईएएस ज्योति आदि मौजूद थे।





