पतंजलि योगपीठ में 37 शिक्षा बोर्डों का राष्ट्रीय सम्मेलन, बच्चों के भावनात्मक विकास पर मंथन

हरिद्वार: बदलते सामाजिक परिवेश और डिजिटल दुनिया के बढ़ते प्रभाव के बीच बच्चों के सामाजिक एवं भावनात्मक विकास की चुनौतियों पर चर्चा के लिए पतंजलि योगपीठ में तीन दिवसीय राष्ट्रीय शिक्षा सम्मेलन शुरू हुआ। 25 से 27 नवंबर तक आयोजित सम्मेलन में देश के 37 केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय शिक्षा बोर्डों के प्रतिनिधियों के अलावा नेपाल, भूटान और अमेरिका के प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं।
सम्मेलन का शुभारंभ उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और अन्य शिक्षाविदों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिक्षा मंत्री ने बोर्ड परीक्षाओं, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और परीक्षा संचालन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
स्वामी रामदेव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री और रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि चरित्रवान और सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी होना चाहिए।
भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एनपी सिंह ने बच्चों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और भावनात्मक मजबूती विकसित करने की आवश्यकता बताई। वहीं, आचार्य बालकृष्ण ने संयुक्त परिवारों को संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण की महत्वपूर्ण पाठशाला बताया। सम्मेलन में विद्यार्थी केंद्रित और मूल्यपरक शिक्षा व्यवस्था विकसित करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।





