उत्तराखंड

हरिद्वार में नेशनल एथलेटिक मीट का आगाज, 350 खिलाड़ी मैदान में

Admindelhi1
24 Nov 2026 1:17 PM IST
हरिद्वार में नेशनल एथलेटिक मीट का आगाज, 350 खिलाड़ी मैदान में
x
DPS रानीपुर में खेलों का महाकुंभ, फरीदाबाद के खिलाड़ियों का दबदबा

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रानीपुर में सोमवार को इंटर-डीपीएस नेशनल एथलेटिक मीट बालक ओपन-2026 का शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के 40 डीपीएस स्कूलों के करीब 350 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन फरीदाबाद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन भेल महाप्रबंधक एवं स्कूल के प्रो-वाइस चेयरमैन नरेंद्र सिंह राणा ने ध्वजारोहण कर किया। उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना विकसित होती है। खिलाड़ियों को हार-जीत की चिंता छोड़कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए।

पहले दिन 800 मीटर दौड़ में फरीदाबाद के सागर सैनी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि दुर्ग के इशांत कुमार दूसरे और शान पंत तीसरे स्थान पर रहे। चक्का फेंक प्रतियोगिता में फरीदाबाद के देव ने पहला, जाविन धनवानी ने दूसरा और सौमाल्य देशमुख ने तीसरा स्थान हासिल किया।

इसके अलावा 100 और 400 मीटर दौड़ के क्वालिफाइंग मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने फाइनल में जगह बनाई।

प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम, मशाल प्रज्ज्वलन और डीपीएस बैंड की प्रस्तुति भी हुई।

Next Story