उत्तराखंड

Nainital: रजत जयंती कार्यक्रम में युवाओं को दिया गया बर्ड वॉचिंग ट्रेनिंग

Admindelhi1
2 Nov 2025 5:10 PM IST
Nainital: रजत जयंती कार्यक्रम में युवाओं को दिया गया बर्ड वॉचिंग ट्रेनिंग
x

नैनीताल: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग नैनीताल ने नैना देवी हिमालयन बर्ड कंजर्वेशन रिजर्व पंगोट में बर्ड वॉचिंग का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया है। इस प्रशिक्षण में स्थानीय युवाओं को बर्ड वॉचिंग प्रशिक्षक के रूप में तैयार किया जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक नैनीताल सरिता आर्या ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंगोट बर्ड वॉचिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध स्थल है। यहां के युवाओं को गाइड के रूप में स्वरोजगार अपनाने का सुनहरा अवसर प्राप्त हो सकता है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें पक्षियों से संबंधित साहित्य एवं टी-शर्ट भी वितरित किए। प्रशिक्षण में 25 युवाओं को पंगोट से किलबरी गाइड हाउस होते हुए चीना पीक तक स्थानीय नागरिकों के सहयोग से बर्ड वॉचिंग का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

इस दौरान प्रशिक्षक नितिन कार्की, नितिन बिष्ट, हरीश राणा, पूरन जोशी एवं दीपक मर्तोलिया जैसे बर्ड वॉचिंग विशेषज्ञों ने पक्षी पहचान, पारिस्थितिक संरक्षण और पर्यटन मार्गदर्शन से संबंधित जानकारी दी। जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी ने बताया कि उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पर्यटन विभाग द्वारा जन-जागरूकता, प्रशिक्षण एवं प्रचार-प्रसार से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक युवा पर्यटन आधारित स्वरोजगार की दिशा में अग्रसर हो सकें।

इस अवसर पर विधायक नैनीताल सरिता आर्या, अतुल भंडारी, भाजपा के जिला महामंत्री दयाकिशन पोखरिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Next Story