उत्तराखंड

Nainital: नैनीताल में मौसम ने बदला मिजाज, तापमान में गिरावट

Admindelhi1
2 Jun 2026 10:18 AM IST
Nainital: नैनीताल में मौसम ने बदला मिजाज, तापमान में गिरावट
x
"नैनीताल में मौसम का बदला रंग, लोगों ने ली राहत की सांस"

नैनीताल: पर्वतीय पर्यटन नगरी नैनीताल व इसके आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को सुबह से तेज बारिश हुई, इस कारण स्कूली बच्चों और कामकाजी लोगों को बारिश में भीगते और भीगने से बचने की कोशिश करते हुए घरों से निकलते देखा गया। बारिश इतनी तेज थी कि सावन के बरसने का भी भ्रम हो रहा था।

उल्लेखनीय है कि सामान्यतया 15 जून के बाद यानी आषाण माह की शुरुआत के साथ प्री मानसून की बारिश होती है, लेकिन इस बार यहां जेठ यानी ज्येष्ठ माह ही जमकर बरसने लगा है और मौसम सर्द भी महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार तपती दुपहरियों के लिये प्रसिद्ध जून माह के पहले दिन में आज नैनीताल का अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस बताया है, और आगे पूरे सप्ताह भी बारिश का क्रम बने रहने की संभावना बतायी है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले पूरे मई माह में और उससे पहले अप्रैल माह में भी यहां बारिश होती रही है और इधर दो दिन पूर्व 30 मई को यहां काफी तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई थी, जिसके बाद से बारिश का क्रम लगभग लगातार जारी है। बारिश से नगर का खेल का डीएसए फलैट्स मैदान भी तर हो गया है, और इसमें हाल में हुए सौंदर्यीकरण के कार्यों के बाद निकासी का उचित प्रबंध न हो पाने के कारण बड़े हिस्से पर तालाब भी बन रहा है।

बारिश के बावजूद नगर में पर्यटकों के पहले से मौजूद होने और सुबह से भी उमड़ने के साथ भीड़भाड़, वाहनों के जाम आदि का सिलसिला जारी है। पर्यटकों ने सुबह होटलों के कमरों से ही मौसम का आनंद उठाया व ठंड भी महसूस की, जबकि नगर के पर्यटन व्यवसायी सशंकित रहे कि कहीं बारिश का सिलसिला आगे भी लगातार जारी रहा तो कहीं ग्रीष्मकालीन पर्यटन सत्र को ही धोकर न रख दे और ठंडा न कर दे। ऐसे में पर्यटकों को नैनीताल आने के लिये नगर में बारिश व ठंड की संभावना को समझ कर छाते और हल्के गर्म कपड़े भी साथ लेकर आने की सलाह दी जा रही है।

Next Story