उत्तराखंड

Nainital: जनभागीदारी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा सेवा संकल्प अभियान

Admindelhi1
15 Sept 2026 10:57 AM IST
Nainital: जनभागीदारी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा सेवा संकल्प अभियान
x
लोगों को जोड़कर जनभागीदारी बढ़ाएगा सेवा संकल्प अभियान

नैनीताल: विकसित उत्तराखंड-2047 के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने के लिए जिले में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं और नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने इस संबंध में सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। अभियान के लिए मुख्य विकास अधिकारी को जनपद का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

अभियान के तहत 11 प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनमें ‘सेवा सेतु’ के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर, स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता, शिक्षण और जनजागरूकता गतिविधियां शामिल हैं। शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता की जाएगी।

अभियान के दौरान सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों और सरकार की जनहितकारी पहलों को भी सामने लाया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा को जनभागीदारी से जोड़ते हुए सरकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना और नागरिकों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।

Next Story