उत्तराखंड

Nainital: एकल महिला स्वरोजगार योजना का दिखा सकारात्मक असर

Admindelhi1
4 Jun 2026 9:33 AM IST
Nainital: एकल महिला स्वरोजगार योजना का दिखा सकारात्मक असर
x
30 महिलाओं ने स्वरोजगार से हासिल की नई पहचान

नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित ‘‘मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना’’ जनपद नैनीताल की एकल महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बन रही है और अविवाहित, तलाकशुदा, निराश्रित एवं दिव्यांग महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर स्वरोजगार से जोड़ने के अपने उद्देश्य को पूरा कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को उनकी परियोजना की लागत का 75 प्रतिशत तक अधिकतम दो लाख रुपये तक का वित्तीय अनुदान प्रदान किया जाता है, जबकि शेष 25 प्रतिशत राशि लाभार्थी स्वयं वहन करती हैं।

बाल विकास परियोजना अधिकारी शिल्पा जोशी ने बताया कि जनपद नैनीताल में अब तक 30 महिलाओं को योजना का लाभ मिल चुका है। इनमें 17 महिलाओं ने गाय, भैंस एवं बकरी पालन जैसे पशुपालन व्यवसाय शुरू किए हैं, जबकि 13 महिलाओं ने विभिन्न लघु उद्योग स्थापित कर स्वरोजगार अपनाया है।

उन्होंने बताया कि फरवरी माह में योजना की पहली किस्त जारी होने के बाद महिलाओं में उत्साह और आत्मविश्वास का वातावरण बना है। सरकारी सहयोग और उचित मार्गदर्शन के बल पर लाभार्थी महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होकर अपने परिवारों की आय बढ़ाने में योगदान दे रही हैं।

योजना से जुड़ी महिलाओं की सफलता यह दर्शाती है कि अवसर और सहयोग मिलने पर महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन सकती हैं, बल्कि समाज में सम्मानजनक पहचान भी स्थापित कर सकती हैं। मुख्यमंत्री की इस पहल ने अनेक महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया है।

Next Story