Nainital: राष्ट्रपति आगमन को लेकर आज नैनीताल में स्कूल नहीं खुलेंगे

नैनीताल: राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के नैनीताल जनपद के शुरू हो रहे भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनहित में विद्यालयों के अवकाश संबंधी आवश्यक आदेश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के हस्ताक्षरों से निर्गत आदेश के अनुसार नैनीताल नगर क्षेत्र तथा भवाली नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत स्थित सभी शासकीय, अशासकीय व अर्धशासकीय विद्यालयों सहित आंगनबाड़ी केन्द्रों में 4 नवम्बर को पूर्ण अवकाश रहेगा। जबकि हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में काठगोदाम से आर्मी हैलीपैड तक के मार्ग से लगे विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में शिक्षण कार्य केवल अपराह्न 1 बजे तक ही संचालित होगा।
इसके बाद सभी शिक्षण संस्थान बंद कर दिए जाएंगे, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय राष्ट्रपति के भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था व यातायात नियंत्रण के दृष्टिगत लिया गया है।





