
नैनीताल: रोटरी मंडल-3110 के तत्वावधान में विश्व शांति और सामुदायिक विकास के संदेश के साथ 18 फरवरी से बरेली से शांति वाहन रैली प्रारंभ होकर मंडलाध्यक्ष राजेन विद्यार्थी के नेतृत्व में यह रैली पीलीभीत, रुद्रपुर, काशीपुर, नैनीताल, हल्द्वानी, रामपुर, बदायूं, कासगंज, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, कानपुर, उन्नाव और फर्रुखाबाद होते हुए 23 फरवरी को बरेली में मंडलीय शांति संगोष्ठी के साथ संपन्न होगी।
19 फरवरी को रैली अपराह्न लगभग 3 बजे नैनीताल पहुंचेगी। बारापत्थर के समीप रैली का स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद वाहन डीएसए मैदान वाहन स्थल तक पहुंचेंगे। अपराह्न 3.50 पर भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत कार्यक्रम आयोजित होगा तथा बैंड स्टैंड में छोलिया नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। सायं 5 बजे रैली मॉल मार्ग होते हुए हल्द्वानी के लिए प्रस्थान करेगी। आयोजकों ने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में सहभागी बनकर शांति, सद्भाव और भाईचारे के संदेश को सशक्त बनाने की अपील की है।





