Nainital: भारी बारिश के बीच एनसीसी के मेनू शिविर की शुरुआत, कैडेट्स ने दिखाया जज्बा

नैनीताल: कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में एनसीसी के 5 यूके नेवल यूनिट के मेनू शिविर-2026 का सोमवार को शुभारंभ हुआ। कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने शिविर का उद्घाटन कर नैनी झील में सेलिंग अभियान को हरी झंडी दिखाई।
बारिश के बीच भी 60 एनसीसी कैडेटों ने पहले दिन लगभग 32 किलोमीटर का नौकायन अभियान पूरा कर अनुशासन, साहस और टीम भावना का परिचय दिया। आयोजन में 5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी के कमांडिंग अधिकारी कैप्टन मृदुल शाह ने शिविर की रूपरेखा और प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें 35 वरिष्ठ डिवीजन और 25 वरिष्ठ विंग सहित कुल 60 कैडेट भाग ले रहे हैं।
कुलपति प्रो. रावत ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे शिविर कैडेटों में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय क्षमता को मजबूत करते हैं।
उन्होंने विश्वविद्यालय के कैडेटों की गणतंत्र दिवस शिविर, नौसेना प्रशिक्षण, साइबर सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों में उपलब्धियों की सराहना की। उद्घाटन के बाद उन्होंने कैडेटों के बनाए जहाजों के मॉडल और सीमैनशिप गतिविधियों का निरीक्षण भी किया।
शिविर के दौरान सेलिंग, सीमैनशिप, फायरिंग, तैराकी, जल सुरक्षा, जीवन रक्षक प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, साहसिक गतिविधियां और जहाज मॉडल निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही नैनी झील संरक्षण, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट प्रो. रितेश साह, प्रशासनिक अधिकारी भगवत बिष्ट, मुख्य प्रशिक्षक अरविंद, पीआई स्टाफ, प्रशिक्षक और कैडेट उपस्थित रहे।





