उत्तराखंड

Nainital: नैनीताल में वन सुरक्षा और अग्नि नियंत्रण ड्रिल

Admindelhi1
18 Feb 2026 7:19 PM IST
Nainital: नैनीताल में वन सुरक्षा और अग्नि नियंत्रण ड्रिल
x

नैनीताल: नैनीताल वन प्रभाग में आगामी वनाग्निकाल की तैयारियों के तहत बुधवार को उप वन संरक्षक आकाश गंगवार के निर्देशन में प्रभाग स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान ड्रिल के अनुसार नैना रेंज के लडियाकांटा बीट के कक्ष संख्या 3 और 4 में आग लगने की सूचना पर टीमें लगभग 20 मिनट के भीतर स्थल पर पहुंचीं और फायर लाइन व कंट्रोल फायर तकनीक से आग पर नियंत्रण किया। घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के बाद बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि वनाग्नि से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभागीय समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और सुदृढ़ किया जा रहा है।

मॉक ड्रिल के तहत स्टेजिंग एरिया से सभी दलों को निर्धारित स्थल पर रवाना किया गया तथा फायर उपकरण, जल टैंकर, अग्निशमन वाहन एवं संचार तंत्र की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। नैना पीक रिपीटर सेंटर और देहरादून स्थित नियंत्रण कक्ष से समन्वय स्थापित कर सूचनाओं का आदान-प्रदान किया गया।

इस मॉक ड्रिल के लिए उप प्रभागीय वनाधिकारी एवं इनसीडेंट कमांडर ममता चन्द के नेतृत्व में विभिन्न टास्क फोर्स का गठन कर जिला प्रशासन, स्वास्थ्य, राजस्व, विद्युत, लोक निर्माण, पेयजल, बाल विकास, पशुपालन, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड, रिजर्व पुलिस बल, कुमाऊं विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट, राजकीय औद्योगिक संस्थान पाईन्स, महिला स्वयं सहायता समूह ग्राम जोखिया सहित लगभग 200 अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता की। टास्क फोर्स का नेतृत्व वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की, विजय भट्ट, योगेश चंद तिवारी, मनोज भगत, आनंद लाल तथा प्रशिक्षु वन क्षेत्राधिकारी अभय जोशी ने किया।

मॉक ड्रिल के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक राय, एसपी सिटी क्राइम जगदीश चंद्रा, एनडीआरएफ से मेजर मनोज जोशी, अग्निशमन विभाग से देवेंद्र सिंह नेगी, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. प्रशांत ओली, वायु सेना भवाली से अभिषेक दुबे तथा अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Next Story