उत्तराखंड

Nainital: जनसमस्याओं के समाधान पर जोर, मेहरा ने दिए स्पष्ट संकेत

Admindelhi1
25 July 2026 11:28 AM IST
Nainital: जनसमस्याओं के समाधान पर जोर, मेहरा ने दिए स्पष्ट संकेत
x
बाधाओं से नहीं, समाधान से होगा जनहित का काम: मेहरा

नैनीताल: आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त भावना मेहरा ने कहा कि विकास प्राधिकरण का उद्देश्य जनहित के कार्यों में बाधा उत्पन्न करने की जगह विकास कार्यों को गति देना है। उन्होंने इसी उद्देश्य के तहत अधिकारियों से जनता को राहत देने व विकास कार्यों का समयबद्ध और पारदर्शी से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नैनीताल क्लब सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने विकास प्राधिकरण, जिला पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत, पर्यटन विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने भवन मानचित्रों की स्वीकृति में अनावश्यक आपत्तियां लगाकर लोगों को कार्यालयों के चक्कर कटवाने पर नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र मामलों का एकमुश्त, पारदर्शी एवं निर्धारित समयावधि में निस्तारण किया जाए। उन्होंने भीमताल, सातताल और भवाली क्षेत्र में निर्माणाधीन पार्किंग, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तथा अन्य विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न शहरों में 18 हजार से अधिक आवास निर्माणाधीन हैं, जबकि रुद्रपुर में 1,872 फ्लैट तैयार हो चुके हैं। बैठक में विधायक सरिता आर्या, भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, महिला आयोग सदस्य विमला अधिकारी, हरीश राणा, विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य, जिला पंचायत अधिकारी अनिल जोशी, अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा, अधिशासी अभियंता शिवम धीमान तथा रामनगर, लालकुआं, भीमताल, भवाली और कालाढूंगी नगर निकायों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Next Story